लोकप्रिय गायिका शिवानी भाटिया की सड़क दुर्घटना में मौत I

मुम्बई : मशहूर गायिका शिवानी भाटिया की सड़क हादसे में मौत हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक शिवानी और उनके पति निखिल भाटिया नोएडा से आगरा जा रहे थे। तब ही उनकी कार यमुना एक्सप्रेस-वे पर हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में निखिल भाटिया भी गंभीर रुप से जख्मी हुए हैं। अस्पताल में भर्ती निखिल भाटिया की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद शिवानी भाटिया को अस्पताल ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मंगलवार (29-01-2019) को शिवानी भाटिया की मौत हुई है। यमुना एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार दूसरे वाहन से टकरा गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए।

बता दें कि शिवानी भाटिया बिहार के सीतामढ़ी जिले की रहने वाली थीं। शिवानी भाटिया महुआ टीवी पर प्रसारित होने वाले सिंगिग शो ‘सुरों का संग्राम’ की उपविजेता रह चुकी हैं। अपनी सुरीली आवाज के दम पर शिवानी दिल्ली एनसीआर की एक प्रोफेशनल सिंगर बन चुकी थीं। जानकारी के मुताबिक वो अपने पति के साथ पाम ओलम्पिया गॉड चौक ग्रेटर नोएडा से आईटेन कार में सोमवार की रात को आगरा जाने के लिए निकल थीं। रात में ही उनकी गाड़ी थाना सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास दुर्घटना की शिकार हो गई।

हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने एम्बुलेंस से दोनों को अस्पताल पहुंचवाया। उपचार के दौरान मंगलवार की सुबह 25 साल की शिवानी भाटिया ने दम तोड़ दिया। शिवानी के निधन से उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। शिवानी के दिल्ली के लाजपतनगर में स्थित घर पर बड़ी संख्या में लोग शोक जताने भी पहुंचे। बताया जा रहा है कि शिवानी आगरा में एक शो में शामिल होने जा रही थीं। हादसे के वक्त शिवानी के पति निखिल भाटिया ही कार चला रहे थे।

सिंगर शिवानी भाटिया का जन्म 14 जुलाई 1994 को हुआ था। बचपन से ही गाने की शौकिन शिवानी ने चार साल की उम्र से ही स्टेज परफॉरमेंस देना शुरू कर दिया था। कॉलेज में आते-आते वो सीतामढ़ी की मशहूर सिंगर बन गई थीं। शिवानी आगरा, मथुरा, जयपुर, पटना समेत कई शहरों में म्यूजिक शो कर चुकी हैं। शिवानी ने कई म्यूजिक एल्बम में भी काम किया है। उन्होंने कई सारे बॉलीवुड सिंगरों के साथ भी स्टेज शो किया है। शिवानी भाटिया की बेटी का नाम डोरेन भाटिया है। शिवानी के पति भी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed